Sweet cutie, escape from corona
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोराना संक्रमण काल में इस बार हरियाली तीज पर कोथली (सिंदारा) का ट्रेंड भी बिल्कुल बदल गया है। इस बार भाई ससुराल में रह रही बहन और बहनोई के लिए कोथली में उपहार के रूप में साड़ी, शूट, सलवार, लहंगा, श्रृंगार के सामान के साथ मास्क भी साथ में लेकर जा रहे जा रहे हैं। इसके साथ ही संदेश दे रहे हैं...प्यारी बहना, कोरोना से बचकर रहना। कोथली में उपहार का यह अंदाज अलग जरूर है मगर इसके पीछे का संदेश बेहद संजीदा है। मास्क देकर भाई यही कामना कर रहे हैं कि बहन और उसकी ससुराल के लोग भी कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मास्क सहित अन्य सावधानियां बरतें और सुरक्षित रहें।
लेबर कालोनी निवासी राजकुमार राणा ने बताया कि जब वह अपनी बहन प्रियंका के लिए जब उपहारों के साथ मास्क लेकर आए तो बहन काफी हंसी। उसने कहा कि भैया इसकी क्या जरूरत थी। तब उन्होंने समझाया कि इस समय इसकी ही सबसे अधिक जरूरत है। फिर उन्हें इसकी गंभीरता भी समझ आ गई। इसी तरह सर्किट हाउस रोड निवासी हर्षित ने अपनी बहन हिमांशी को कोथली के उपहारों के साथ मास्क भी दिया। हर्षित का कहना है कि पहले कोथली में ज्यादा कपड़ों के साथ रूमाल, जुराब, टाई, श्रृंगार का सामान ही जाता रहा है। इस बार उन्हें लगा कि जिंदगी के लिए बेहद जरूरी हो चुका मास्क दिया जाना चाहिए।
इसी तरह किशोर बाग निवासी रजत कुमार ने बहन मेघा और मिशन कंपाउंड निवासी ऋषि खन्ना ने बहन स्विंकी को उपहारों में मास्क भी साथ में दिया। इन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी मास्क पहनने पर ही सबसे अधिक जोर दिया है। इसलिए उनके दिमाग में यह आइडिया आया कि क्यों न कोथली में अन्य उपहारों के साथ मास्क भी साथ ले जाया जाए। इससे उपहार देने के साथ जागरूकता का संदेश भी चला जाएगा।
----
जिंदगी सुरक्षित रहेगी तो त्योहारों की रौनक बढ़ेगी
सहारनपुर। कोराना काल में कोथली के इस ट्रेंड को लेकर इन लोगों ने यह भी कहा कि यदि संक्रमण काल में हम सभी की जिंदगी सुरक्षित रही तो सभी तरह के त्योहारों की रौनक भी फिर से लौट आएगी। बहनें भी यही दुआ कर रही हैं कि उनके भाई भी कोरोना और अन्य बीमारियों से बचे रहें और फिट रहें।
----------