संवाद न्यूज एजेंसी
चिलकाना। सुल्तानपुर खेल मैदान पर खेली गई सुपर नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सुल्तानपुर किंग्स ने माजरी की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। सुल्तानपुर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माजरी को 40 रनों जीत हासिल की।
रविवार दोपहर बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सुल्तानपुर किंग्स की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 10 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। टीम की जीत में मांगेराम हीरो साबित हुए। उन्होंने मात्र 24 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें आठ छक्के और एक चौका शामिल था। दीपक कुमार ने 22 और रवि कुमार ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में माजरी की ओर से दीक्षित धीमान, गौरव जरावरे, गुरदीप और राजन को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी माजरी की टीम निर्धारित 10 ओवर में छह विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। टीम की ओर से दीक्षित धीमान ने 19 गेंदों पर ताबड़तोड़ 38 रन बनाए। कप्तान गुरदीप ने 11 रन, गौरव जरावरे ने आठ और रोहित जरावरे ने सात रन का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। सुल्तानपुर किंग्स के मांगेराम को उनकी आतिशी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस दौरान भारतीय शिक्षा चैरिटेबल ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयराम गौतम प्रधान, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष मुन्नीलाल शिंदे, भाजपा नेता जायर हुसैन चांद ने विजेता तथा उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मांगेराम, रवि, अमरजीत, दीपक, अरुण, सोनू, पवन गुंबर आदि रहे।