दारूल उलूम देवबंद द्वारा जारी किया गया नोटिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने छात्रों के रात 12 बजे के बाद संस्था से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी है। संस्था ने यह नोटिस जगह जगह चस्पा किया हुआ है। प्रबंधतंत्र ने यह कार्रवाई पुलिस का फरमान जारी होने के बाद की है।
नगर क्षेत्र में बढ़ती चोरियों और लूट की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने फरमान जारी किया था कि रात 12 बजे के बाद न तो कोई दुकान खुलेगी और न ही कोई सड़क पर घूमता मिलेगा। पुलिस के इस फरमान के बाद हरकत में आए दारुल उलूम प्रबंधतंत्र ने 12 बजे के बाद छात्रों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगी दी।
सोमवार को छात्रावास प्रभारी मौलाना मुनीर आलम की और से जगह जगह नोटिस चस्पा किया गया है। जिसमें पुलिस के फरमान का हवाला देते हुए छात्रों को रात में 11.30 बजे तक अपने अपने कमरों में चले जाने की हिदायत दी गई है। साथ ही परेशानी से बचने के लिए अहतियात बरतने को भी कहा गया है।