वेतन और बोनस के लिए डिस्टलरी कर्मचारी संघ ने जताया रोष
सहारनपुर। रुका हुआ वेतन और बोनस आदि दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय डिस्टलरी कर्मचारी संघ से जुडे़ कर्मचारियों ने डिप्टी कलेक्टर एसएन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि उन्हें कई महीने का वेतन, दो वर्ष का बोनस और छुट्टियों का पैसा नहीं मिला है।
शुक्रवार को डिप्टी कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि स्थायी कर्मचारियों का दो माह का वेतन शेष है। इसके अलावा वेतन से ईएसआई का पैसा काटने के बावजूद जमा नहीं कराया गया है। इसको लेकर उप श्रमायुक्त से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने समस्याओं का जल्द निराकरण कराने की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष शमशाद अहमद, राकेश कुमार, रमेश बहादुर, केबी सिंह, शैलेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।