सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में प्रार्थना के लिए जाने से पहले कक्षा छह की छात्रा की क्लास ही में तबीयत बिगड़ गई। स्कूल स्टाफ ने छात्रा को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां छात्रा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। एहतियातन पुलिस ने छात्रा का पोस्टमार्टम कराया है।
माधोनगर निवासी 14 वर्षीय किशोरी दिल्ली रोड स्थित एक निजी स्कूल की कक्षा छह की छात्रा थी। स्कूल में प्रार्थना की तैयारी चल रही थी। सभी छात्र अपनी कक्षाओं में जूते उतारकर और स्कूल बैग रखकर प्रार्थना सभा में शामिल होते थे। छात्रा भी अपनी क्लास में थी। इसी दौरान क्लास में सफाई कर रहे सफाईकर्मी मनोज की नजर छात्रा पर पड़ी तो वह नीचे बैठी हुई थी। मनोज ने सोचा की शायद वह जूते उतार रही है, लेकिन कुछ ही देर बार छात्रा फर्श पर गिर पड़ी। इस दौरान दो छात्राएं भी क्लास में थीं। सफाईकर्मी ने तुरंत इसकी सूचना बाहर खड़े शिक्षकों को दी। जो तुरंत छात्रा को सीढ़ियों से उतारकर नीचे ले आए। इसी दौरान प्रधानाचार्य कंचन सेठी ने छात्रा की मां को फोन कर सूचना दी। छात्रा की हालत बिगड़ती जा रही थी, जिसके बाद स्कूल का स्टाफ छात्रा को नजदीक ही स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने छात्रा को देखा, तब तक छात्रा सुध खो चुकी थी, लेकिन नब्ज चल रही थी। इसके बाद फिर छात्रा की मां को पूरी बात बताई गई, जिसके बाद मां और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई।
छात्रा की मौत पूरे स्कूल परिवार के लिए दुखद घटना है। वह होनहार छात्रा थी। छात्रा की मां ने बताया कि उसे अक्सर दौरा आता था। छात्रा के पिता भी इस बीमारी से ग्रसित थे, जिनकी पहले मौत हो चुकी है। हम समझ नहीं पा रहे हैं, कि छात्रा की मौत की वजह क्या रही है, लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है, जिसमें ही साफ हो सकेगा कि मौत का कारण क्या रहा।
कंचन सेठी, प्रधानाचार्य।
दिल्ली रोड स्थित एक स्कूल में कक्षा छह की छात्रा की मौत हुई है। पुलिस एहतियातन पोस्टमार्टम करा रही है, जिससे मौत की वजह पता चल सके। तथा भविष्य में जरूरत पड़ने पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।
राजेश कुमार, एसपी सिटी।