देवबंद। श्मशान की भूमि पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग की घटना के बाद चल रही वाल्मीकि समाज ने सफाईकर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन खत्म हो गई। डीएम और एसएसपी से मुलाकात और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद वाल्मीकि समाज ने हड़ताल को समाप्त कर दिया। बृहस्पतिवार से सफाईकर्मी कार्य पर लौट जाएंगे।
बता दें, कि 18 जनवरी को तल्हेड़ी चुंगी स्थित भूमि पर कब्जा किए जाने को लेकर फायरिंग हो गई थी। इसमें वाल्मीकि समाज के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस की ओर से वाल्मीकि समाज और दूसरे पक्ष के 22 लोगों के खिलाफ भी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। गुस्साए वाल्मीकि समाज ने नगर में सफाई व्यवस्था को ठप कर दिया था, जिसकी वजह से पूरे शहर में गंदगी फैली नजर आ रही थी।
बुधवार को एसडीएम दीपक कुमार और पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग के साथ वाल्मीकि समाज का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम मनीष बंसल और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिला। डीएम ने उक्त लोगों से वार्ता के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद वाल्मीकि समाज हड़ताल समाप्त करने को तैयार हुआ। डीएम को ज्ञापन भी दिया गया। इसमें दर्ज मुकदमे को निरस्त करने, श्मशान की भूमि को उनके हवाले किए जाने समेत अन्य मांगे रखी गई हैं। डीएम मनीष बंसल ने बताया कि उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल उक्त भूमि पर तारबाड़, सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे और पुलिस की तैनाती की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में वाल्मीकि सभा के जिलाध्यक्ष विनोद घावरी, सफाई यूनियन के अध्यक्ष सोनी आजाद, बिरला सूद, दीपक चंचल, जसवीर वाल्मीकि, राजकुमार बिरला, अजय बिरला और बृजमोहन सूद आदि शामिल रहे।