गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो: डीएम
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए अनलॉक गाइड लाइन का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को समुचित इलाज के साथ ही खानपान पर भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर मास्क न लगाने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 के संबंध में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाए। कंटेंनमेंट जोन के अंदर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि किसी दुकान पर सैनिटाइजर और मास्क न हो तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर से खांसी और जुकाम की दवाई लेने वालों का रिकार्ड होना चाहिए। यदि कोई मेडिकल स्टोर किसी मरीज को बिना कैश मेमो के दवाई देता है तो उसके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाए। कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के सार्वजनिक स्थान पर जाए तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, सीएमओ बीएस सोढ़ी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, सभी उप जिलाधिकारी, परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार आदि मौजूद रहे।
गो आश्रय स्थलों का समुचित प्रबंधन जरूरी : जिलाधिकारी
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने कहा कि गोआश्रय स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में चारा, भूसा व पशुओं के पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गोआश्रय स्थल पर तड़ित चालक लगाया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में बिजली गिरने पर किसी भी गोवंश की मृत्यु न होने पाए। गोशाला में अव्यवस्था मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने उपजिलाधिकारी बेहट दीप्तिदेव को नवनिर्मित वृहद गो संरक्षण केन्द्र की चहारदीवारी जल्द बनवाने के निर्देश दिए।