घटना सोमवार शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ज्वालानगर में हुई। भाजपा पार्षद राजेंद्र कोहली व मनोज प्रजापति ने बताया कि अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ज्वालानगर की गली नंबर चार के बाहर क्षेत्र के युवक स्टॉल लगाकर प्रसाद बांट रहे थे। सामने ही स्थित कंपनी गार्डन की दीवार के पीछे से स्टॉल पर पत्थर आकर गिरा। इसके कुछ मिनट बाद ही पांच से छह पत्थर और गिरे।
इस पर ज्वालानगर निवासी पारस ढींगरा (35) कंपनी गार्डन की दीवार फांदकर अंदर चला गया। आरोप है कि वहां पर उसे दूसरे समुदाय के कुछ युवक दिखे। जब पारस ने युवकों से पत्थर फेंकने के बारे में पूछा तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। उसकी गर्दन पर डंडा मारकर घायल कर दिया।
वहीं, शोर सुनकर पारस के साथी भी कंपनी के गार्डन के अंदर चले गए और हंगामा हो गया। उन्होंने एक लड़के को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जो नाबालिग है। पारस का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
उधर, घटना के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ता नगर कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया।
इस मामले में तहरीर आई है, जिसके आधार पर पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। - अभिमन्यु मांगलिक, एसपी सिटी