भायला खुर्द गांव में स्थित प्राचीन मंदिर में खंडित की गई मूर्ति। स्रोत-ग्रामीण
देवबंद (सहारनपुर)। असामाजिक तत्वों द्वारा देवबंद क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। भायला खुर्द गांव में शरारती तत्वों ने प्राचीन मंदिर में घुसकर वहां रखी भगवान भैरव, भगवान जाहरवीर और काली माता की मूर्तियों को खंडित कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को शांत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शनिवार की रात्रि प्राचीन मंदिर में हुई मूर्तियां खंडित करने की घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया। जैसे ही ग्रामीणों को मूर्ति खंडित होने की जानकारी मिली। भारी संख्या में ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। सूचना मिलते ही एसडीएम अंकुर वर्मा, सीओ अशोक सिसोदिया और इंस्पेक्टर सूबे सिंह आनन फानन में फोर्स के साथ गांव पहुंचे और गुस्साए ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
वहीं, मामले की जानकारी होने पर लोकनिर्माण विभाग राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने भी अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को जल्द मामले का खुलासा किए जाने को निर्देशित किया। अधिकारियों का कहना है गंभीरता से मामले की जांच कराई जा रही है। जो कोई भी दोषी होगा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा कि हरिद्वार से मूर्तियां मंगाकर जल्द ही उन्हें मंदिर में विधिविधान के स्थापित कराया जाएगा।
- रिपोर्ट दर्ज कर शुरु की मामले की जांच: सीओ
मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद जो कोई भी दोषी होगा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - अशोक सिसोदिया, सीओ देवबंद।