सहारनपुर। उप परिवहन आयुक्त मेरठ (परिक्षेत्र) राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीएनजी के नए वाहन (बस एवं ट्रक) का पंजीकरण तत्काल शुरू कराया जाए। इसके अलावा जिन वाहनों खासकर स्कूल वाहनों की फिटनेस फेल हो गई है, उनके स्वामी और संचालकों को नोटिस भेजे जाएं।
बुधवार को संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में मंडल के तीनों जिले के परिवहन विभाग अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की। उप परिवहन आयुक्त ने कहा कि वाहनों से बकाया कर/अतिरिक्त कर की वसूली शत-प्रतिशत कराई जाए तथा जिन वाहनों/स्कूली वाहनों का फिटनेस फेल हो गए, उन वाहन स्वामी/विद्यालय के प्रधानाचार्य को नोटिस भिजवाएं। वहीं, ड्राइविंग लाइसेंस का कार्य लंबित होने की जानकारी पर उन्होंने शीघ्र ही स्लॉट बढ़वाए जाने और व्यवसायिक ट्रैक्टर के पंजीयन संबंधी परेशानी का समाधान कराने का भरोसा दिया।
बैठक में उन्हें बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में एक अप्रैल से 15 सितंबर तक सहारनपुर संभाग के तीनों जनपदों में कुल 25307 वाहनों से 55.84 करोड़ रुपये धनराशि बकाया है, जिसमें 14731 वाहनों को नोटिस भेजे हैं तथा 622 वाहनों का वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी की गई है। इस वित्तीय वर्ष में 6229 बकाया वाहनों से 3.96 करोड़ की वसूली की गई है।
बैठक में आरटीओ (प्रशासन) देवमणि भारतीय, आरटीओ (प्रवर्तन) राधेश्याम, एआरटीओ (प्रशासन) महेंद्र बाबू गुप्ता, एआरटीओ (प्रवर्तन) रामप्रकाश मिश्रा, एआरटीओ मुजफ्फरनगर नितिन मिश्रा, एआरटीओ शामली मुंशीलाल, यात्री/मालकर अधिकारी खेमानंद पांडेय और संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अमित सैनी उपस्थित रहे।