सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत रविवार को पुलिस लाइन मैदान में रिक्रूट आरक्षियों की विशेष ब्रीफिंग की गई। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने सभी थानों पर तैनात रिक्रूट आरक्षियों को यात्रा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के बारे में बताया।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ब्रीफिंग में आरक्षियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त करने व संदिग्ध व्यक्ति और वस्तुओं पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में कार्रवाई करने और उच्चाधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने के निर्देश भी दिए।