एसएसपी ने किया पुलिस चौकी भवन और ज्योति किरण कक्ष का लोकार्पण
छुटमलपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चनप्पा ने बृहस्पतिवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र में चमारीखेड़ा उर्फ लश्करपुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन तथा छुटमलपुर में ज्योति किरण तिराहे पर बनाए गए कक्ष का लोकार्पण किया।
दोपहर के वक्त पुलिस चौकी पहुंचे कप्तान को पुलिसकर्मियों ने सलामी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी के भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष मनोज चौधरी और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुनाथ सिंह को फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने छुटमलपुर कस्बे में ज्योति किरण तिराहे पर बनाए गए कक्ष का लोकार्पण किया। इसके बाद थाना परिसर में आयोजित सहभोज में शामिल हुए। कप्तान ने चौकीदारों को कंबल बांटे। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर एसपी देहात अतुल शर्मा, सीओ सदर सैयद अब्बास अली थानाध्यक्ष फतेहपुर मनोज चौधरी, एसआई दीपचंद, संजीव त्यागी, व्यापार मंडल अध्यक्ष मांगेराम शर्मा, राव साजिद, पंडित जनेश्वर शर्मा, भाजपा नेता अंकित वर्मा आदि मुख्य रुप से मौजूद रहे।