शामली। गांव काबड़ौत निवासी पहलवान मोंटी मलिक ने थाईलैंड में आयोजित हुई अंतरराष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में दम दिखाया। उनके कांस्य पदक जीतने पर गांव व परिजनों में खुशी का माहौल रहा। गांव पहुंचने पर पहलवान का स्वागत किया जाएगा।
थाईलैंड के बैंकाक में आठ से नौ दिसंबर के बीच एशियन चैंपियनशिप में भारतीय ग्रेपलिंग कुश्ती कमेटी के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप में रूस, अमेरिका, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, थाईलैंड, भारत, पोलैंड, आस्ट्रेलिया के साथ ही 40 देशों ने भाग लिया। भारत के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसमें भारत की ओर से शामली के गांव काबड़ौत निवासी दो सगे भाई मोंटी मलिक व रवि मलिक ने प्रतिभाग कर दम दिखाया। प्रतियोगिता में पहलवान मोंटी मलिक ने 92 किलो भार वर्ग में यूएसए के खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक जीतकर जनपद और परिजनों का नाम रोशन किया। पहलवान के पदक जीतने पर परिजनों व गांव में खुशी का माहौल है। पहलवान के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा स्वागत किया जाएगा। संवाद