सहारनपुर। मुजफ्फरनगर जिले में कौवे के सैंपल की जांच रिपोर्ट बर्ड फ्लू पॉजिटिव मिलने पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने तीनों जिले के जिलाधिकारियों को अपने अपने जनपद के बॉर्डर पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। खास ध्यान हरियाणा बॉर्डर पर रखने के लिए कहा गया है।
मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने बताया कि मंडलीय समीक्षा बैठक में तीनों जिले के अधिकारियों से वर्चुअल वार्ता की गई। उसमें बर्ड फ्लू को लेकर सतर्कता बरतने को विशेष तौर पर कहा गया है। सहारनपुर मंडल में सहारनपुर और शामली जिले की सीमा हरियाणा से मिलती है, लिहाजा सहारनपुर और शामली जिले में ऐसे स्थानों पर विशेष नजर रखनी है। इसके साथ ही पोल्ट्री और इनके उत्पादों के आवागमन वाले वाहनों की भी विशेष जांच करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में बर्ड फ्लू को लेकर कंट्रोल रूम की स्थापना भी कराई गई है। साथ ही पशु चिकित्सा, वन विभाग की टीमों को भी अलर्ट किया गया है। उधर, सहारनपुर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में पशु चिकित्सा विभाग, वन विभाग सहित सात टीमें बनाई गई हैं। कंट्रोल रूम स्थापित हो चुका है और नोडल अधिकारी की भी तैनाती कर दी गई है। साथ ही कंट्रोल रूम का नंबर भी लोगों को दिया गया है, ताकि किसी भी स्थान पर पक्षियों के मृत पाए जाने पर तत्काल सूचना मिल सके।