सहारनपुर में कांवड़ यात्रा में अम्बाला-देहरादून हाईवे केसरिया रंग से रंग गया है। कांवड़िए भोले की विभिन्न वेशभूषा में बोल बम, बम-बम का जयघोष करते चल रहे है।
कोई तन पर केसरिया कुर्ता पहनकर चल रहा है तो कई हाथों में त्रिशूल और शरीर पर श्रृंगार करके चल रहे हैं। भोले के गण के रूप में शिवभक्त भी नाचते गाते मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं।
बृहस्पतिवार सुबह से बूंदाबांदी शिवभक्तों के लिए राहत भरी रही। कंकरीली सड़कों पर नंगे पांव बोल बम, बोल बम का जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे भोले अजब मस्ती में दिख रहे है।
कोई नंदी का मुखौटा लगाया है तो कोई भूत के वेश में ओउम नम: शिवाय का जाप कर रहा है। पंचक समाप्त होने के बाद बृहस्पतिवार से शिवभक्तों का रैला उमड़ पड़ा। गागलहेडी से लेकर सरसावा तक शिवभक्तों का तांता लगा रहा।
उधर, शिवभक्तों की सेवा में खड़े कांवड़ शिविरों में भोले के पैर दबाने और उनको प्रसाद पाने की विनती में लोग सड़कों में हाथ जोड़े खड़े रहते हैं। शिवमय हो चुके शहर में सड़कों पर बोल-बम.... बोल बम... बोल बम सुनाई दे रहा है।