सहारनपुर। जनपद में 596 उचित दर विक्रेताओं के यहां पूरा राशन नहीं पहुंचने से वितरण कार्य प्रभावित हो रहा है। जिले की 1238 दुकानों में से सिर्फ 681 पर रिफाइंड तेल, 642 पर चना और 877 पर नमक की आपूर्ति हुई है। इसके चलते जनपद में नि:शुल्क राशन वितरण प्रभावित हो रहा है। जिन दुकानों पर पूरा राशन पहुंच गया है उनके यहां वितरण शुरू है। यह वितरण 20 दिसंबर तक होना है।
दिसंबर महीने में राशन कार्ड धारकों को नियमित खाद्यान्न के साथ ही रिफाइंड तेल, चना और नमक का दिया जाना है। जनपद में 583712 राशन कार्ड हैं। इनमें से 529094 राशन कार्ड पात्र गृहस्थी योजना के हैं और 54618 राशन कार्ड अंत्योदय योजना के है। दिसंबर माह में इन राशन कार्ड धारकों को नियमित गेहूं, चावल के साथ ही प्रति राशन कार्ड एक किलो चना, एक किलो नमक और एक लीटर रिफाइंड तेल भी नि:शुल्क दिया जाना है। लेकिन जनपद की 1238 दुकानों में से 557 पर रिफाइंड तेल, 597 पर चना और 361 पर नमक नहीं पहुंच पाया है। जिन दुकानों पर पांचों सामग्री नहीं पहुंची उन्होंने राशन का वितरण भी शुरू नहीं किया है। कई दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में चना, नमक और तेल आदि नहीं आने से भी वितरण प्रभावित हुई है।
जनपद के 596 उचित दर विक्रेताओं के यहां इस माह वितरण होने वाली सभी वस्तुएं नहीं पहुंच पायी हैं, जबकि गेहूं एवं चावल सभी राशन डिपो पर पहुंच गया है। जिन दुकानों पर नमक, चना और रिफाईंड तेल नहीं पहुंचा है वहां वितरण नहीं हो पा रहा है। एक-दो दिन में सभी दुकानों पर सभी वस्तुओं की आपूर्ति हो जाएगी। नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण 20 दिसंबर तक होगा।
- मनीष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी।
एक नजर में राशन वितरण
राशन डिपो -- 1238
राशन कार्ड -- 583712
पात्र गृहस्थी योजना के कार्ड -- 529094
अंत्योदय योजना के कार्ड ---- 54618
गेहूं एवं चावल का आवंटन -- 13878.675 मीट्रिक टन
साबुत चना -------583712 किलो
नमक ---------- 583712 किलो
खाद्य तेल ------ 583712 लीटर
नोट: पूर्ति विभाग के दिसंबर के आंकड़ों के अनुसार।