कुतुबशेर में समस्याओं को सुनते एडीजी जोन राजीव सभरवाल
- फोटो : SAHARANPUR
नागल/सहारनपुर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन राजीव सभरवाल ने शनिवार को नागल और कुतबशेर थानों में पहुंचकर समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जेल से छूटे अपराधियों पर नजर रखने, महिला हेल्प डेस्क की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।
नागल थाना प्रांगण में दोपहर 12 बजे पहुंचे एडीजी जोन सभरवाल को देख एकबारगी पुलिसकर्मी चकित रह गए। यहां राजीव सभरवाल ने कहा कि यदि पुलिस एवं राजस्व विभाग टीम बनाकर कार्य करें तो प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संभव है। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष कपिल डाबर ने कस्बे के तालाब की जल निकासी न होने से दुकानों में बारिश का पानी भरने की समस्या उठाई। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग की। इस पर एडीजी ने कहा कि वे डीएम से बात कर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। शिक्षक हेमंत अरोड़ा ने कस्बे में बने चेतना पार्क की बदहाली से एडीजी को अवगत कराया। उन्होंने पार्क के पुन: उद्धार की मांग उठाई। इस मौके पर एसडीएम देवबंद दीपक कुमार, सीओ देवबंद दुर्गा प्रसाद तिवारी, तहसीलदार सुरेंद्र प्रताप यादव, कानूनगो रिजवान अली एवं थानाध्यक्ष बीनू सिंह रहे।
थाना कुतुबशेर में राजीव सभरवाल और एसएसपी आकाश तोमर थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुना। यहां उन्होंने कहा कि लगातार अपराध कर रहे अपराधियों को सूचीबद्ध कर उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाए। लंबित मामलों में सक्रियता के साथ काम कर उनका खुलासा किया जाए।
नागल थाने में समस्या सुनते एडीजी जोन राजीव सभरवाल- फोटो : SAHARANPUR