सहारनपुर में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद हुकुम सिंह ने वाटर लेवल नीचे जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने को कहा।
इतना ही नहीं, उन्होंने उनके द्वारा गोद लिए गए गांवों के विकास में प्रशासन पर शिथिलता बरतने की बात भी कही। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने भी सोलर लाइट समेत अन्य मुद्दे बैठक में उठाए।
सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि दुनिया के साथ ही देशभर में लगातार पीने के पानी की किल्लत बढ़ रही है। यदि हम अब भी नहीं चेते तो वह दिन दूर नहीं, जब इंसान पीने के पानी की एक-एक बूंद को तरसेगा।
उन्होंने जिला प्रशासन को तालाबों को कब्जा मुक्त कराने और उनकी पुन: खुदाई कराने को कहा। कहा कि तालाबों को कूड़ाघर कतई न बनने दें। नालियां बनाकर उनमें पानी छोड़ा जाए, जिससे जमीन में पानी रिचार्ज हो सके।
कहा कि सुखेड़ी और खुशहालीपुर उनके गोद लिए गांव हैं, जिनके विकास में प्रशासन रुचि नहीं ले रहा है। उन्होंने डीएम पवन कुमार को अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देने को कहा।
कहा कि सुखेड़ी की लड़कियां पढ़ने के लिए गंगोह जाती हैं। उनके साथ अक्सर छेड़छाड़ होती है। इसलिए वह गांव में लड़कियों के लिए इंटर कॉलेज बनाना चाहते हैं।
डीएम पवन कुमार ने कहा कि जिन विभागों को पैसा प्राप्त हो चुका है वह मई 2016 तक कार्य पूर्ण कराएं। यदि कोई समस्या है तो उससे भी उन्हें अवगत कराएं।
सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा सोलर लाइट के लिए उनकी निधि से पैसा दिया गया था, मगर अभी तक लाइट नहीं लगी हैं। डीएम ने नेडा विभाग के अधिकारियों को तुरंत सोलर लाइट लगवाने के निर्देश दिए।
बैठक में मनरेगा, इंदिरा आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रशानमंत्री सड़क योजना, वाटर सेट प्रबंधन राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल समेत अनेक योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में विधायक जगपाल सिंह, राजीव गुंबर, महावीर सिंह राणा और एमएलसी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।