सहारनपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही भ्रांतियों और उपभोक्ताओं की शंकाओं के समाधान के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों ने प्रेसवार्ता की। घंटाघर स्थित कार्यालय पर हुई वार्ता में बताया कि स्मार्ट मीटर प्रीपेड ग्राहकों को बिल में दो फीसदी की छूट मिलती है।
मुख्य अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर उपभोक्ताओं की आशंका निराधार है। स्मार्ट मीटर लगने से उन्हें बिल जमा कराने के लिए कहीं जाने की आवश्यकता नहीं है। यूपीपीसीएल एप के माध्यम से बिल जमा कराया जा सकता है। अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवाते हुए अपना वही नंबर फीड कराएं, जो पहले से ही सिस्टम में हैं। इससे उन्हें बिल, भुगतान आदि के विषय में परेशान होने की आवश्यकता पड़ेगी। बिल और बकाया राशि की जानकारी समय-समय पर उनके मोबाइल नंबर पर भेजी जाती है। बिल निगेटिव होने पर आपूर्ति स्वयं कट जाती है।
पूर्व में जमा बकाया राशि को बकाए में जोड़ा जाता है। पिछले बिल और प्री-पेड में परिवर्तन की तिथि के बीच की अवधि के लिए एक अंतिम बिल बनाया जाएगा। शुल्क पूरी तरह से ऊर्जा खपत पर आधारित है। इसका विवरण भी एप पर देखा जा सकता है। बैलेंस पॉजिटिव होने पर आमतौर पर दो घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल हो जाती है। आपूर्ति चालू न होने पर उपभोक्ता 1912 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हमेशा बैलेंस पॉजिटिव रखे। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता रविंद्र बाबू, अधीक्षण अभियंता आरएस वर्मा, अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार, कार्यकारी सहायक बसंत कुमार आदि मौजूद रहे।