सरसावा (सहारनपुर)। पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के पास रेलवे फाटक बंद कर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इससे यहां के लघु उद्यमी काफी खुश हैं। उनका कहना है कि इससे इस क्षेत्र के लघु उद्योग को रफ्तार मिलेगी। उद्योगों के लिए कच्चे माल की आपूर्ति, उद्यमियों और व्यापारियों के आवागमन पहले से बेहतर होगा। लंबे समय बाद उद्यमियों सहित क्षेत्र के अन्य लोगों को यह बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे फाटक बंद रहने और यहां आवागमन की समस्याओं को लेकर काफी हंगामे भी होते रहे हैं। इससे भी अब मुक्ति मिलेगी।
रेलवे और उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से संयुक्त रुप से पिलखनी इंडस्ट्रियल क्षेत्र के पास फाटक नंबर 90 सी को बंद कर इस ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इससे रेलवे ट्रैक के दोनों और निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा। सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर जसवंत सिंह स्याना ने बताया की 25 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज क्षेत्र के निवासियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। सेतु निगम का कार्य इसी वर्ष मार्च तक समाप्त होने की संभावना है।
फाटक बंद होने का अवरोध खत्म होगा
- औद्योगिक क्षेत्र में लगी इकाइयों के संगठन लघु उद्योग भारती के जिला अध्यक्ष अनुपम गुप्ता ने कहा कि जो वाहन रेलवे फाटक बंद होने के कारण काफी समय तक रुके रहते थे, वह निर्बाध रूप से आवागमन कर सकेंगे।
पूरी गुणवत्ता से जल्दी बनाया जाए पुल
- लघु उद्यमी मुकेश शर्मा ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज से लघु उद्यमियों को भारी आर्थिक लाभ होगा। माल की आपूर्ति समय पर होगी वहीं खर्च भी घटेगा। उन्होंने कहा कि पूरी गुणवत्ता के साथ ओवरब्रिज का जल्द निर्माण कराया जाए।
रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति
- यह सहारनपुर अंबाला हाईवे पर पिलखनी के पास बनेगा
- ओवरब्रिज की लंबाई 630.73 मीटर रहेगी
- इस ओवरब्रिज पर 25 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपये की लागत आएगी
- ओवरब्रिज की चौड़ाई 7.5 मीटर निर्धारित की गई है
- इसका निर्माण इसी साल मार्च तक पूरा होने की संभावना
पिलखनी के पास बनता ओवर ब्रिज- फोटो : SAHARANPUR
अनुपम गुप्ता- फोटो : SAHARANPUR