खेड़ा अफगान में सड़क दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी। संवाद
सरसावा/खेड़ा अफगान(सहारनपुर)। दो अलग-अलग सड़क हादसों में दंपती समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। तीन मृतक और पांच घायल हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले हैं। वहीं, तीन अन्य मृतक और आठ घायल मध्यप्रदेश के गुना जिले के निवासी हैं।
पहला हादसा सरसावा में शनिवार तड़के नेशनल हाईवे पर गांव कुम्हारहेड़ा के पास हुआ। मध्य प्रदेश के गुना जिले का रहने वाला एक परिवार फोर्स गाड़ी में मां वैष्णो देवी के दर्शन कर हरिद्वार जा रहा था। कुम्हारहेड़ा के पास खड़े ट्रक में गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में पवन (40), उनकी पत्नी रुक्मिणी (32) और हरिनारायण पटेल (55) निवासी देहरी थाना कुंभराज जिला गुना मध्य प्रदेश की मौके पर मौत हो गई। वहीं, निरंजन (38), उनकी पत्नी रेखा (36), विमला (45), लक्ष्मण (38), उनकी पत्नी रचना (30), दशरथ (50), उनकी पत्नी कृष्णा (45), सुनील (28) घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरा हादसा नकुड़ थाना क्षेत्र के खेड़ा अफगान में पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात हुआ। करनाल से हरिद्वार जाते समय कार की टक्कर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली से हो गई। इसमें तीन लोगों की मौत हुई है, जिनकी पहचान रिंकू उर्फ हरविंद्र (40), मोतीपाल (60) और पृथ्वी निवासी गांव कुलवेड़ी थाना कुंजपुरा जिला करनाल हरियाणा के रूप में हुई है। बृजपाल, सुनील, सुभाष, रामचंद्र और रवि घायल हुए। सभी ने मिलकर कांवड़ यात्रा के दौरान करनाल हाईवे पर शिविर लगाया था। शिविर का हिसाब-किताब करने के बाद शुक्रवार देर शाम सभी लोग हरिद्वार स्नान करने के लिए चले थे। तभी यह हादसा हो गया।