सहारनपुर। लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा में बच्चों का सफर सुरक्षित नहीं हैं। मंगलवार को यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर छात्रों की बिना लाइसेंस पर दो बाइक सीज की, जबकि क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर एक मिनी स्कूली बस, टेंपों और ऑटो का चालान किए गए।
मंगलवार को दिल्ली रोड पर सीओ यातायात प्रिया यादव के नेतृत्व में यातायात प्रभारी अमित तोमर ने टीम के साथ वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान दो छात्रों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर उनकी बाइक को सीज किया। मिनी स्कूली बस में 14 बच्चे बैठाए जा सकते थे, लेकिन उसमें क्षमता से छह बच्चे अधिक मिले। यानी बस में 22 बच्चे थे। इनके अलावा 30 बाइकों का चालान काटा गया। टेंपो व ऑटो में भी क्षमता से अधिक बच्चे सवार मिले। ऐसे में अधिकारियों ने अभिभावक बुलाकर सचेत किया कि वह अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने नहीं दिया जाए। 1.42 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।