साझी शहादत, साझी विरासत कार्यक्रम श्रृंखला के तहत स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय प्रेमनाथ गर्ग की स्मृति में शुक्रवार को ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में भगत सिंह एवं स्वतंत्रता संग्राम विषय पर आधारित प्रश्नों की लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा का परिणाम 10 मई को जनमंच सभागार में घोषित किया जाएगा। दो वर्गो में आयोजित होने वाली प्रश्नोत्तरी के वर्ग अ में कक्षा छह से आठ और वर्ग ब में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि संस्कार निधि, अमर उजाला, स्वतंत्रता सग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, नगर निगम, ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल एवं हिंदु कुमार सभा के संयुक्त तत्वावधान में साझी शहादत साझी विरासत कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को अम्बाला रोड स्थित ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत संधू, स्कूल के संस्थापक संजय गर्ग, चेयरमैन वाइके गुप्ता, सचिव रवि सिंघल और प्रधानाचार्य डीएम रावत ने संयुक्त रुप से भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया।
तत्पश्चात किरणजीत संधू ने विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिभागी बच्चों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए भगत सिंह के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को देश प्रेम के प्रति जागरुक किया। संजय गर्ग ने विद्यार्थियों को प्रेरणा दी कि अपनी आजादी को कैसे बचाकर रखा जा सकता है। इसके लिए हमें भरसक प्रयत्न करने होंगे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को दो वर्गो में विभाजित किया गया। जिसमें वर्ग अ में कक्षा नौ और दस और वर्ग ब में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को सम्मिलित किया गया। वर्ग अ में 90 और वर्ग ब में 75 प्रश्न शामिल किये गए थे। ज्यादातर प्रश्न शहीद भगत सिंह के जीवन एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान विषय पर आधारित ही पूछे गए।
90 मिनट की परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सेदारी कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सहारनपुर पब्लिक स्कूल, पाइनवुड स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, केएलजी स्कूल, सरस्वती विहार स्कूल, एसडी इंटर कॉलेज, पीच ग्रोव स्कूल, न्यू ऐरा स्कूल समेत विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सेदारी की।
प्रोग्रेसिव स्कूल फोरम के संयोजक सुरेंद्र चौहान, महामंत्री सुधीर जोशी, डा. विरेंद्र आजम, अमित कुमार सेठी, शाहिद अंसारी, नीतिका गोयल, रीमा गुप्ता आदि का सहयोग रहा।