शाकंभरी देवी मंदिर में लगे माता के जयकारे
शाकंभरी (सहारनपुर)। पश्चिमी यूपी के विख्यात सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर में बृहस्पतिवार को पौष माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर मां शाकंभरी जयंती (प्राकट्य पर्व) हर्षोल्लास से मनाई गई। ‘जय माता दी’ के जयघोष से गूंज रहीं शिवालिक पहाड़ियों में माहौल भक्तिमय बना रहा। कड़ाके की ठंड भी भक्तों की आस्था को नहीं डिगा सकी।
श्री शाकंभरी देवी जयंती के उपलक्ष्य में एक सप्ताह से कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। भगवती के मंदिर एवं शंकराचार्य आश्रम की भव्य सजावट की गई है। पौष माह की पूर्णिमा तिथि की सुबह शाकंभरी जयंती पर शिवालिक घाटी भक्ति रस में डूब गई। माता के मंदिर की फूलों और शाक सब्जी से विशेष रूप से सजावट की गई। सिद्धपीठ में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ आनी शुरू हो गई थी। 21 जनवरी से शंकराचार्य आश्रम में शतचंडी महायज्ञ चल रहा है। इसमें शामिल होने के लिए संतों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था।
बृहस्पतिवार सुबह आश्रम में चल रहे यज्ञ में पूर्णाहुति देने के लिए सैकड़ों लोगोें की भीड़ उमड़ी। आश्रम व्यवस्थापक एवं अखिल भारतीय संत संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत सहजानंद महाराज के सानिध्य में एक सप्ताह से आश्रम में तैयार किए जा रहे छप्पन भोग और 36 व्यंजन मां भगवती को अर्पण किए गए। वहीं, शाकंभरी देवी मंदिर व्यवस्थापक राणा परिवार की तरफ से मंदिर की भव्य सजावट कराई गई है। राणा परिवार की ओर से पूर्व विधायक रानी देवलता, राणा आदित्य प्रताप सिंह, कुंवर आतुल्य प्रताप सिंह ने मां की विशेष पूजा अर्चना की।
कांकरोवाला मंदिर में किया पूजन
चिलकाना। मां शाकंभरी देवी की जयंती पर सुल्तानपुर में कंकरोवाला मंदिर तथा खेड़ा स्थित मां शाकंभरी के मंदिर में हवन पूजन तथा भंडारे का आयोजन किया गया। पंडित योगेश शर्मा बैंगनी तथा पं. जगमोहन लाल शर्मा ने मां भगवती का पूजन किया। कन्या पूजन के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी बीएस वर्मा, राम गोपाल गुप्ता, जयपाल सैनी, बसंत गुप्ता, प्रकाश चंद सैनी, शिवनंदन शर्मा आदि ने आरती की। आयोजन में समाजसेवी जयनाथ शर्मा, चेयरमैन अकबर कुरैशी, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि जायर हुसैन चांद, अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा, भाजपा नेता संदीप सैनी, अमित शर्मा आदि मौजूद थे।
शाकंभरी देवी मंदिर में भोग लगाने के लिए जाते सन्त सहजानंद जी महाराज- फोटो : SAHARANPUR
शंकराचार्य आश्रम में तैयार 56 भोग और 36 व्यंजन- फोटो : SAHARANPUR
सुल्तानपुर में मां शाकंभरी जयंती पर हवन करते श्रद्धालु- फोटो : SAHARANPUR
मां शाकंभरी जयंती पर कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन खिलाते श्रद्वालु।- फोटो : SAHARANPUR