गंगोह (सहारनपुर)। गागलहेड़ी। दुकानदार कोरोना कर्फ्यू में भी अपने साथ दूसरों की जान भी मुसीबत में डाल रहे हैं। देहात में निर्धारित अवधि के बाद भी दुकानें खुल रही हैं। दुकानदार दिनभर दुकानों का शटर नीचे कर अंदर बैठे रहते हैं। जबकि उनका एक साथी बाहर खड़ा रहता है जो ग्राहक के आने पर शटर खोल कर उसे अंदर भेज देता है।
गंगोह और गागलहेड़ी सहित ज्यादातर कसबों के बाजारों में यही चल रहा है। जिन दुकानों को कोरोना कर्फ्यू में छूट भी नहीं है, उनके मालिक भी सुबह ही बाजार में आ जाते हैं। वे ग्राहक के आने पर उसे शटर उठाकर अंदर भेज देते हैं। खरीदारी पूरी होने के बाद वे उसे ऐसे ही बाहर निकाल देते हैं। इस दौरान यदि गश्ती पुलिस आती है तो वे इधर उधर हो जाते हैं। इसके अलावा कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान पर मोबाइल नंबर लिख रखा है जिस पर ग्राहक जब फोन करते हैं तो दुकानदार उन्हें शटर उठाकर अंदर बुला लेते हैं। रविवार को यह खेल बाजारों में खुलेआम चलता रहा। जिसमें दुकानों के बाहर बाइकें खड़ी दिखाई दी।
उधर एसडीएम नकुड़ हिमांशु नागपाल का कहना है कि यदि ऐसा है तो जांच कर ऐसे दुकानदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।