महानगर में शॉपिंग कॉम्पलेक्स, होटल और बैंक तक का यही हाल, अतिक्रमण हटाओ अभियान भी फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मुख्यमंत्री के सड़कों पर वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई के आदेश महानगर में बेमाने साबित हो रहे हैं। कईं व्यावसायिक भवनों में पार्किंग के लिए छोड़ी गई जगह का इस्तेमाल अन्य रूप में किया जा रहा है। उक्त भवनों के सामने सड़कों पर अवैध रूप से पार्किंग चल रही है। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली रोड पर मंडलायुक्त आवास के समीप बड़ा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स खुला है। इसकी पार्किंग बेसमेंट में है परंतु भवन स्वामी पार्किंग स्थल का इस्तेमाल बैंक्वेट हॉल और पार्टियों के लिए कर रहा है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आने वाले ग्राहक अपने वाहन सड़क पर खड़ा कर रहे हैं। इससे वाहनों की असुरक्षित हैं। इतना ही नहीं अव्यवस्था भी बनी है। कोर्ट रोड पर दीवानी कचहरी के समीप निजी बैंक संचालित है। उसकी पार्किग इमारत के बेसमेंट में है। हालांकि उसे बंद किया हुआ है। ऐेसे में ग्राहक अपने वाहन सड़क पर खड़ा करते हैं। पांवधोई नदी किनारे अग्रवाल धर्मशाला मार्ग पर एक ढाबा संचालित है। उसकी पार्किंग का इस्तेमाल अन्य व्यावसायिक गतिविधि के रूप में किया जा रहा है। यहां रात में सैकड़ों ग्राहकों के दुपहिया वाहन और कारें नदी किनारे पार्क कराई जाती हैं। इस वजह से शाम सात से रात 11 बजे तक आवाजाही में परेशानी रहती है। इतना ही नहीं महानगर के कई होटलों और बैंक्वेट हॉल ने सड़क किनारे पार्किंग बनाई हुई है। इसके बावजूद अधिकारियों ने अभी तक कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी है।
पास कराए मानचित्र का उल्लंघन
भवनों के मानचित्र सहारनपुर विकास प्राधिकरण द्वारा इसी शर्त पर पास किए गए थे कि वे पार्किंग के लिए जगह रखेंगे। पार्किंग का अन्य रूप में इस्तेमाल मानचित्र का उलंघन है। ऐसे भवन स्वामियों पर प्राधिकरण कार्रवाई कर सकता है।
यदि किसी व्यावसायिक प्रतिष्ठान द्वारा ग्राहकों की गाड़ियां सड़कों पर पार्क कराई जा रही हैं। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो मौके पर जाकर चालान किया जाएगा। सड़कों पर वाहन खड़े करने वालों को भी सचेत हो जाना चाहिए।-विनय शर्मा, अतिक्रमण प्रभार, नगर निगम