सहारनपुर कलक्ट्रेट मस्जिद प्रकरण के बाद शामली में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस व पीएसी तैनात रही।
सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर की मस्जिद से जुड़े प्रकरण के बाद शुक्रवार को शामली में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई। प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
विज्ञापन
प्रमुख मस्जिदों के आसपास तैनाती
शहर की जामा मस्जिद, फव्वारा चौक और दिल्ली रोड वाली मस्जिद के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा कैराना, कांधला, जलालाबाद और थानाभवन में भी पुलिस को अलर्ट रखा गया। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए।
इंटरनेट मीडिया पर भी निगरानी
पुलिस इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट और संदेशों की भी निगरानी कर रही है। भ्रामक या माहौल खराब करने वाली सामग्री सामने आने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।