शाकंभरी(सहारनपुर)। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में श्रावण माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि पर श्रद्धालुओं ने मां भगवती के विधि-विधान से दर्शन किए। वहीं सोमवार को शिवालिक पहाड़ियों में हुई बारिश के कारण शाकंभरी नदी का जलस्तर तीन बार बढ़ा, जिससे श्रद्धालुओं को भूरादेव पर रोकना पड़ा।
देर शाम तक भी नदी का बहाव तेज रहने से श्रद्धालुओं को पैदल आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई। ट्रैक्टर ट्रॉली से ही श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा था। बता दें, कि पिछले कई दिनों से शिवालिक क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते सिद्धपीठ की शाकंभरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार रात अचानक नदी में तेज बहाव आ गया था, जो सोमवार सुबह तक कुछ कम हुआ। इसके बाद सुबह फिर नदी का जलस्तर बढ़ने से श्रद्धालुओं को करीब दो घंटे तक भूरादेव पर रोके रखा गया। जलस्तर कम होने पर श्रद्धालुओं को मां के दर्शन के लिए भेजा गया लेकिन दोपहर करीब एक बजे एक बार फिर नदी उफान पर आ गई। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से श्रद्धालुओं का आवागमन रोक दिया और देर शाम तक नदी का बहाव तेज बना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी वाहनों को भूरादेव से पहले नागलमाफी में ही रोक दिया गया। वहां से श्रद्धालुओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से सिद्धपीठ तक पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए रहे तथा श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील करते रहे।