भूरादेव मंदिर के पास जुटने लगी थी भीड़
शनिवार और रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ भूरादेव मंदिर के पास नदी किनारे पहुंचने लगी थी। हालांकि इन दो दिनों में नदी में पानी नहीं आया, लेकिन अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं को समझाकर वापस भेज दिया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी को नदी पार करने या पहाड़ी क्षेत्र की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
सोमवार को पुलिस ने शुरू कराई आवाजाही
मौसम में सुधार के बाद सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने श्रद्धालुओं को सिद्धपीठ की ओर जाने की अनुमति दी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां शाकंभरी देवी के दर्शन किए। हालांकि सामान्य दिनों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या कम रही।
अभी भी बाढ़ की आशंका
शाकंभरी चौकी पुलिस लगातार अलाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को सतर्क कर रही है। एसडीएम विकास पांडे ने बताया कि अभी मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। सिद्धपीठ की पहाड़ियों में बारिश हो रही है और शाकंभरी नदी में पानी आने से बाढ़ की संभावना बनी हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और मौसम साफ होने के बाद ही दर्शन के लिए आने की अपील की।