सहारनपुर के नानौता में तलाक व मारपीट की पीड़िता की तहरीर पर थाना पुलिस ने पति सहित चार ससुरालियों के खिलाफ मारपीट, इच्छा के विरुद्ध तलाक देने, गर्भपात कराने का प्रयास व जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला कानून गोयान निवासी तलाक पीड़िता शगुफ्ता पुत्री इस्लाम शाह ने बताया कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व गंगोह क्षेत्र के बुढ्ढाखेड़ा में शमशाद के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद उसको दो पुत्रियां पैदा हुई और तीसरी बार वह गर्भ से थी। आरोप है कि पति शमशाद, देवर नौशाद, ननदोई जफर अली व इलियास द्वारा तीसरी बार भी लड़की होने की आशंका जाहिर करते हुए उसको गर्भपात के लिए दबाव बनाने लगे।
पहले से ही तबियत खराब होने के चलते उसने गर्भ गिराने से इनकार कर दिया। इसके चलते इन लोगों ने मिलकर उसके गर्भ को जबरन गिराने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में चोट मारी और पति ने उसे तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया।
राहगीरों की मदद से वह अपने मायके तक पहुंची। परिजनों द्वारा उसका इलाज नानौता के सीएचसी पर कराया गया। इतना ही नहीं पुलिस द्वारा तहरीर दिए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जबकि आरोपी ससुराल पक्ष के लोग उसको व पिता को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, शगुफ्ता ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय महिला आयोग, डीएम व एसएसपी को भेजे पत्र में इंसाफ मांगा है। उसने कहा कि तीन तलाक के मुद्दे को समाप्त किया जाना चाहिए। उस जैसी गरीब व मजबूर न जाने कितनी लड़कियां होगी जो तलाक प्रथा के चलते पीड़ित हैं। उन्हें इस प्रथा को समाप्त कर न्याय दिलवाया जाए।