सहारनपुर। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलपति डॉ. आरके मित्तल ने जनपद के बागों और कृषि तकनीकी प्रदर्शनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आंधी में गिरने वाले आम से पल्प बनाने के उद्योग लगाएं। विवि की तरफ से हर तरह का सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने ग्राम के मरवा में विपिन सिंघल, तरुण, निमेष, धर्मवीर के आम, लीची, आडू एवं, नाशपाती के बागों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाग मालिकों को आंधी में गिरने वाले आम से पल्प बनाने के उद्योग के लिए सहयोग देने का आश्वासन दिया।
ग्राम मुर्तजापुर में हिमांशु, पूजा सैनी के आयस्टर मशरूम एवं गनोडरमा मशरूम उत्पादन यूनिट का अवलोकन किया कर उन्हें एफपीओ बनाने का सुझाव दिया। इसके बाद कुलपति ने कृषि विज्ञान केंद्र में कड़क नाथ मुर्गी पालन, वर्मी कंपोस्ट, मत्स्य पालन, नेट हाउस, तकनीकी गैलरी, बायो कंट्रोल प्रयोगशाला, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, औषधि पौधे वाटिका और तकनीकी कैलेंडर का भी अवलोकन किया।
एनाग्राम उत्पादक संगठन बांदू खेड़ी और नया गांव में गोकुल ग्राम फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एफपीओ के भ्रमण में उन्होंने जैविक सब्जी उत्पादन, सोलर प्लांट, नर्सरी, वर्मी कंपोस्ट, फार्म मशीनरी बैंक, प्रोसेसिंग यूनिट, डी कंपोजर, बासमती क्लस्टर आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. आईके कुशवाहा, सुनील कुमार सोम, तरुण सिंघल, प्रदीप कुमार, सतपाल सिंह, अरुण कुमार, अंकित, योगेश कुमार, कुंवर पाल, विपिन, पूजा, हिमांशु सैनी आदि मौजूद रहे।