सहारनपुर। सात जून को ईद-उल अजहा है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का खाका खींच लिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन की मद्द से निगरानी होगी। खूफिया विभाग भी अलर्ट रहेगा। पुलिस का दावा है कि पूर्व सालों में जितने भी मामले सामने आए हैं, उनका समाधान करा दिया गया। वर्तमान में कोई भी विवाद प्रचलित नहीं है।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि जिले को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। ड्रोन कैमरे के माध्यम से मिश्रित व संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर सतर्क दृष्टि रहेगी। प्रत्येक मस्जिद में ईद-उल-अजहा की पूर्व रात्रि में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे ताकि असामाजिक तत्व किसी प्रकार की अफवाहें मस्जिदों या उसके आसपास न फैलाई जाए। नागरिक सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। झूठी व भ्रामक सूचना प्रसारित होने पर तत्काल उसका प्रभावी खंडन होगा। इसके लिए सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया है। इस समय कोई भी विवाद प्रचलित नहीं है। जगह-जगह टीमें तैनात रहेंगी। पैदल मार्च किया जा रहा है ताकि ईद पर शांति व्यवस्था बनी रहे।