50 फीसदी अनुदान पर मिलेगा रबी फसलों के बीज
सहारनपुर। जनपद में रबी फसलों का अनुदानित बीज उपलब्ध कराया गया है। इनमें प्रमाणित और आधारीय बीज शामिल हैं। इन दोनों प्रकार के बीजों पर किसानों को 50 फीसदी का अनुदान मिलेगा।
जनपद में रबी फसलों में गेहूं, सरसों और मसूर मुख्य फसलें हैं। इनमें करीब 1.12 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं, लगभग छह हजार हेक्टेयर रकबे में सरसों और करीब 1200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मसूर की खेती होती है। कृषि विभाग किसानों प्रमाणित और आधारीय बीजों पर 50 फीसदी की दर से अनुदान देता है। गेहूं के बीजों में एचडी 2967, एचडी 3059,एचडी 3086, पीबीडब्लू 733 प्रजातियां उपलब्ध हैं। गेहूं का प्रमाणित बीज 3580 रुपये प्रति क्विंटल, गेहूं का आधारीय बीज 3815 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों का आधारीय बीज 7785 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर का प्रमाणित बीज 8970 रुपये प्रति क्विंटल है।
---वर्जन---
जनपद के कृषि बीज भंडारों पर अनुदानित बीज उपलब्ध हैं। किसान वहां से बीज खरीद सकते हैं। प्रमाणित और आधारीय बीजों पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
--- धीरज कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।
--रबी फसलों के अनुदानित बीज की स्थिति--
फसल------लक्ष्य-----------अनुदान
गेहूं------6000 क्विंटल-----50 प्रतिशत
सरसों------10 क्विंटल------50 प्रतिशत
मसूर-------14 क्विंटल------50 प्रतिशत