सहारनपुर। नामांकन प्रक्रिया को लेकर पूरे जनपद में पुलिस सक्रिय रही। 11 विकास खंडों और कलक्ट्रेट में सुरक्षा चाक चौबंद रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
रविवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने कलक्ट्रेट व विकासखंड कार्यालयों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इनके अलावा एसपी सिटी राजेश कुमार ने बलियाखेड़ी और पुवांरका सहित अनेक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था देखी एवं खामियां मिलने पर दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहा। 24 घंटे अवैध शराब व हथियार, मादक पदार्थ की तस्करी में 34 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 61 मामलों में 968 लोगों को मुचलकों में पाबंद किया गया। एसएसपी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।