प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के शटर क्षतिग्रस्त किए
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने सोमवार को टपरी मार्ग पर पांच अवैध दुकानों के शटर क्षतिग्रस्त किए। खास बात यह है कि निर्माण काफी समय पहले पूर्ण कर लिए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करने में प्राधिकरण को सात माह का समय लग गया। ध्वस्तीकरण के नाम पर दुकानों के शटर ही क्षतिग्रस्त किए गए।
प्राधिकरण के कार्यवाहक सचिव एवं एफओ विजय शुक्ला ने बताया कि टपरी मार्ग पर दाबकी फाटक के पास पूर्व से बेसमेंट निर्मित है। बेसमेंट के ऊपर भूतल पर पांच बड़ी दुकानों का निर्माण किया गया है। स्थलीय निरीक्षण में निर्माण अवैध पाया गया। निर्माण के विरुद्घ संबंधित धाराओं में कार्यवाही पहले ही पूर्ण की जा चुकी है। निर्माण को ध्वस्त करने के लिए आठ जुलाई सोमवार का दिन तय किया गया था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण ध्वस्त किया। प्राधिकरण निर्माण को ध्वस्त करने की बात कह रहा है, जबकि हकीकत यह है कि दुकानों के शटर ही तोड़े गए हैं। खास बात यह है कि निर्माण कराने वाले को 13 दिसंबर 2018 को नोटिस जारी किया गया था। इसमें 15 दिन में निर्माण को अपने खर्चे पर ध्वस्त करने को कहा गया था। अन्यथा की स्थिति में प्राधिकरण द्वारा ध्वस्तीकरण करने की चेतावनी दी गई थी। चेतावनी के करीब सात माह बाद प्राधिकरण को कार्रवाई की सूझी।
---
प्राधिकरण की टीम निर्माण को ध्वस्त करने पहुंची थी, मगर जैसे ही जेसीबी से दुकानों को तोड़ने की कोशिश की गई तो पूरी बिल्डिंग हिलने लगी। इससे बिल्डिंग के आसपास के मकानों पर गिरने का डर था, जिसकी वजह से केवल छज्जों और शटर को ही ध्वस्त किया गया। - विजय शुक्ला, कार्यवाहक सचिव, एसडीए।