देवबन्द में तोड़फोड़ की घटना के बाद मौके पर जाँच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
देवबंद (सहारनपुर)। एचटी लाइन शिफ्ट कराने के मामले में विद्युत कार्यालय पहुंचे तीन लोगों ने निगम के एसडीओ के साथ हाथापाई कर दी। इतना ही नहीं आरोप यह भी है कि हमलावरों ने कार्यालय में तोड़फोड़ भी की। पुलिस के पहुंचाने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गए।
शनिवार को सांपला गांव के तीन लोग एचटी लाइन शिफ्ट कराने के सिलसिले में एसडीओ अमित कुमार त्यागी से मिलने उनके कार्यालय गए थे। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि उक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए पहले तो कार्यालय में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई करने लगे। इस बीच एसडीओ ने फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करते हुए घटना की बाबत पूछताछ की। बताया जा रहा है कि आरोपी मकान के पास से गुजर रही एचटी लाइन को शिफ्ट कराना चाहते हैं, लेकिन गांव का ही दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा है। करीब एक सप्ताह पूर्व निगम की टीम पुलिस के साथ वहां मुआयना करने भी पहुंची थी। इसी मामले को लेकर शनिवार को उक्त लोग एसडीओ से मिलने पहुंचे थे। एसडीओ के उच्चधिकारियों से लाइन शिफ्ंिटग का आदेश कराने की बात कही तो वह लोग गुस्से में आ गए। कोतवाली के निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था, लेकिन आरोपी फरार हो गए। वहीं, एसडीएम अमित त्यागी ने तीन लोगों को नामजद करते हुए रेलवे रोड पुलिस चौकी इंचार्ज पुष्पेंद्र कुमार को घटना की तहरीर दी है।