नीलगाय से टकरा स्कूटी सवार की मौत, पत्नी और बेटी घायल
बेहट। दीपावली की संध्या पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व तीन वर्षीय बेटी घायल हो गए। हादसा अचानक सड़क पर आई नीलगाय के स्कूटी से टकराने से हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कलसिया निवासी अंकुर (26) पुत्र मोतीराम काफी दिन से परिवार के साथ बेहट के मोहल्ला महाजनान में किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार की शाम करीब 4 बजे वह अपनी पत्नी जैनिस व 2 वर्षीय बेटी आर्य के साथ स्कूटी से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही उसकी गाड़ी बेहट से निकलकर दिल्ली हाईवे पर चढ़ी अचानक सड़क पर सामने नीलगाय आ गई, जिससे बचने के चक्कर मेें अंकुर ने ब्रेक लगाया लेकिन स्कूटी नीलगाय से टकरा गई। टक्कर होते ही वह सड़क पर गिर गए और बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अंकुर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।