नानौता। देवबंद- नानौता मार्ग पर बच्चों से भरी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। इसके चलते कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार को हल्की चोट पहुंची। गनीमत रही वैन में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। बिना किसी कार्रवाई के दोनो पक्ष अपने घरों को चले गए।
थाना क्षेत्र के गांव ठसका निवासी अंशुल पुत्र नरेश कुमार अपनी पत्नी व छोटी बच्ची को दवाई दिलवाने के लिए नानौता कार से आया था। बताया जाता है कि गांव लौटते समय उसकी कार करीब डेढ़ बजे चीनी मिल के पास पहुंची तो बड़गांव क्षेत्र के एक स्कूल की बच्चों से भरी अनियंत्रित वैन की टक्कर कार में लग गई। इसके चलते कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक अंशुल को हल्की चोटें पहुंची। जबकि कार सवार उसकी पत्नी व बच्ची बाल-बाल बच गए। तो वहीं स्कूल वैन में सवार भी सभी बच्चे सुरक्षित रहे। घटना के बाद दोनों पक्ष बिना किसी कार्रवाई के अपनी गाड़ियों को ले गए।