ताक पर आदेश, खुल रहे मॉल और स्कूल
सहारनपुर। एक ओर जहां कोरोना लगातार फैल रहा है, वहीं सरकार के आदेश ताक पर रखकर मॉल और स्कूल खोले जा रहे हैं। डीएम ने सख्ती दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
अमर उजाला ने मंगलवार को महानगर में पड़ताल की तो दिल्ली रोड स्थित मॉल खुला हुआ मिला। मॉल में युवक-युवतियां, महिलाएं-पुरुष और बच्चे घूमते दिखे। हालांकि, मॉल में बने सिनेमा हॉल बंद थे। वहीं देहरादून रोड पर स्कूल के बच्चे छुट्टी के बाद लौटते हुए नजर आए। जबकि प्रशासन ने स्कूलों को सख्ती के साथ बंद करने के आदेश दिए हैं। कुछ स्कूलों ने बच्चों का अवकाश तो कर दिया है, लेकिन टीचर्स समेत अन्य स्टाफ को बुलाया जा रहा है। पुराने शहर में चिलकाना रोड, चकराता मार्ग, बेरीबाग, जैन बाग क्षेत्र में स्कूलों से बच्चे लौटते हुए दिखे। हालांकि, शहर के अधिकतर जिम बंद मिले।
खुल रहे कोचिंग सेंटर
महानगर में जैन कॉलेज रोड, मल्हीपुर रोड, दिल्ली रोड, चंद्रनगर, मिशन कंपाउंड, नवीननगर, जनकनगर, खानआलमपुरा, किशनपुरा, गोविंदनगर, जैन बाग क्षेत्र, चिलकाना रोड, शारदानगर, लेबर कॉलोनी, बेरीबाग, बेहट रोड सहित 250 से अधिक जगहों पर कोचिंग सेंटर चल रहे हैं। इनमें एक समय में 50 से 80 बच्चे तक एकसाथ पढ़ाए जाते हैं। लेकिन प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए अधिकतर कोचिंग सेंटर खोले जा रहे हैं।
धार्मिक स्थलों में बरती जा रही सावधानी
मंगलवार की वजह से मंदिरों में सुबह और शाम के समय भीड़ रही। पुजारी मास्क लगाकर पूजा अर्चना कराते नजर आए। कई श्रद्धालु भी मास्क लगाकर आए।
वर्जन
कोरोना वायरस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शासन-प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी