कोरोना संक्रमण बढ़ने की वजह से शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने घोषित किया अवकाश
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जनपद के कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज छह से 16 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। विद्यालयों को ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि निर्देश देरी से मिलने की वजह से बृहस्पतिवार को विद्यालय खुले रहे।
शासन ने चार जनवरी को ही प्रदेश भर के विद्यालयों को 14 जनवरी तक बंद करने के आदेश जारी कर दिए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक का कहना था कि शासनादेश में केवल विद्यालय बंद करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की ओर से बुधवार को सभी अधिकारियों को पत्र जारी कर जनपद के 12वीं तक के सभी विद्यालय छह से 16 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए। उक्त निर्देश देरी से पहुंचने की वजह से बृहस्पतिवार को विद्यालयों में अवकाश नहीं किया जा सका।
टीकाकरण के लिए आ सकते हैं छात्र
12वीं तक के सभी विद्यालयों में 16 जनवरी तक अवकाश घोषित किया जा चुका है। वहीं, प्रशासन ने वर्ष 2007 के बाद पैदा हुए छात्रों को कोविड टीका लगाने के लिए कई विद्यालयों में व्यवस्था की है। जहां टीका लगाया जा रहा है वहां संबंधित विद्यालयों के छात्र पहुंच सकते हैं।
कक्षा एक से 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालय छह से 16 जनवरी तक पूरी तरह बंद रखने को कहा है। शिक्षकों से कहा है कि वे इन दिनों में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने की व्यवस्था करेंगे। वे घर पर रहकर पढ़ाएंगे या कॉलेज में आकर? यह अभी स्पष्ट नहीं है।-आरपी शर्मा, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा