बेहट में गांव मदनपुरा के पास हादसे के बाद आग से जली स्कूल बस। स्रोत:ग्रामीण
बेहट। बच्चों को छोड़कर लौट रही स्कूल बस मदनपुरा गांव के पास टैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे के बाद बस में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने चालक अमित को बस से निकालकर अस्पताल भर्ती कराया।
हादसा मिर्जापुर-सुंदरपुर रोड पर हुआ। मदनपुरा स्थित एक पब्लिक स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़कर वापस स्कूल जा रही थी। कोतवाली क्षेत्र के गांव न्यामतपुर में बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे से घबराए चालक अमित ने हड़बड़ाहट में बस को वहां से दौड़ा लिया। रफ्तार तेज होने के कारण गांव मदनपुरा में बस टैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई और उसमें आग लग गई।
घटनास्थल के पास ही धर्मकांटे पर मौजूद लोगों ने दौड़कर चालक अमित निवासी जहानपुर को बस से बाहर निकाला और किसी तरह पानी के टैंकर से आग बुझाई। घायल अमित को राहगीरों ने अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में स्कूल के बच्चे नहीं थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।