सहारनपुर। ऑल इंडिया ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में एसबीबीए एकेडमी की टीम ने इस्लामिया एकेडमी की टीम को 15 रनों से हराकर ट्रॉफी जीत ली है। शानदार खेल प्रदर्शन के चलते फाइनल में हार के बावजूद इस्लामिया एकेडमी के मो. अमान को बेस्ट बल्लेबाज और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
शहर के श्री भूतेश्वर मैदान पर आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मंगलवार को इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी और एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी के कप्तान रमीज मलिक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 213 रन बनाए। बल्लेबाजी में दीपांशु ने 58, प्रांजल ने 54 और वासु ने 8 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाए। इस्लामिया एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में दीपक राणा ने 5 और रमीज मालिक ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामिया क्रिकेट एकेडमी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 198 रन ही बना सकी। इस टीम के बल्लेबाज मो. अमान ने 98 और हनी ने 25 रन बनाए। इस प्रकार एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी की टीम ने फाइनल मुकाबला 15 रनो से जीत लिया। एसबीबीए की ओर से गेंदबाजी में वासु वत्स, प्रशांत वीर व सतनाम सिंह को 2-2 विकेट मिले। फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वासु वत्स को दिया गया।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक अकरम सैफी ने खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मोहम्मद अमान चुने गए। बेस्ट फील्डर प्रांजल सैनी व बेस्ट बॉलर का खिताब हेमंत सैनी को दिया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश और यूपी की ओर से रणजी ट्रॉफी में 50 से ज्यादा मैच खेलने वाले तेज गेंदबाज ऑल राउंडर उबैद कमाल शामिल हुए। इस दौरान एसडीसीए के सचिव लतीफउर्रहमान, शुभम कर्णवाल, कोषाध्यक्ष साजिद उमर, शिवम शर्मा, चौधरी माईदयाल मित्तल, मीडिया प्रभारी सैयद मशकूर, राहुल शर्मा, शिवम शर्मा, राजीव गोयल (टप्पू), विक्रांत चौधरी, राकेश शर्मा, रणधीर कपूर, भूपेंद्र कछल, मृदुल गर्ग और संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।