सहारनपुर में मुख्यमंत्री बनने के बाद सोमवार को पहली बार सहारनपुर आए योगी आदित्यनाथ कई महत्वपूर्ण कार्यों को हरी झंडी दिखा गए। बेशक उन्होंने मंच से कोई घोषणा नहीं की, मगर बंद कमरे में मंत्रियों और सांसद से भविष्य की विकास योजनाओं को साझा किया।
उनकी योजनाओं में सरसावा एयरफोर्स स्टेशन की हवाई पट्टी से दिल्ली और लखनऊ के लिए हवाई सेवा शुरू करना महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक के बाद चाय के दौरान मौजूद मंत्रियों और सांसद से बंद कमरे में अलग से बात की।
राज्य मंडी डॉ. धर्म सिंह सैनी के अनुसार मुख्यमंत्री ने सरसावा एयरफोर्स स्टेशन की हवाई पट्टी से दिल्ली और लखनऊ के लिए सीधे हवाई सेवा शुरू करने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए कार्ययोजना भी तैयार कर ली गई है, जिसमें एयर पट्टी के पास ऑफिस के लिए बिल्डिंग भी बनाई जाएगी। इसके बाद सहारनपुर का आम आदमी भी सहारनपुर से दिल्ली और लखनऊ के लिए हवाई यात्रा कर सकेगा।
डॉ. सैनी और सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने और एम्स के रूप में विकसित करने का वादा याद दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज का नाम जल्द बदला जाएगा।
कॉलेज का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर या मान्यवर कांशीराम के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को बताया कि केंद्र सरकार ने यूपी को छह एम्स देने की बात कही है।
केंद्र से एम्स की फाइल चलते ही सहारनपुर के मेडिकल कॉलेज को एम्स के रूप में विकसित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के एम्स बनने के बाद सहारनपुर की जनता को इलाज के लिए दिल्ली, मेरठ, देहरादून और चंडीगढ़ के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
मंत्री और सांसद ने सहारनपुर में दो दशक से अधिक समय से उठ रही स्टेट यूनिवर्सिटी की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को मानते हुए यूनिवर्सिटी के लिए जमीन तलाशने को कहा।
वादा किया कि जमीन मिलते ही यूनिवर्सिटी पर काम शुरू हो जाएगा। यूनिवर्सिटी पर मुख्यमंत्री की हरी झंडी मिलने से युवा खासकर विद्यार्थी वर्ग उत्साहित हैं।
गन्ना किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी टोडरपुर चीनी मिल को दिसंबर और दया शुगर मिल को नवंबर तक चलवाने का आश्वासन दिया। सहारनपुर पॉपुलर की बड़ा उत्पादन क्षेत्र है।
यहां से प्रतिदिन करीब 12 हजार टन पॉपुलर की लकड़ी हरियाणा सप्लाई होती है, जिसका इस्तेमाल प्लाई बनाने के लिए होता है। हरियाणा के उद्यमी औने पौने दामों पर पॉपुलर खरीदते हैं, जिससे यहां के किसानों को कोई खास लाभ नहीं मिल पाता है।
वर्षों से सहारनपुर में प्लाईवुड इंडस्ट्री लगाने की मांग सरकार से की जाती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर में पॉपुलर के लिए आरा मशीनों के लाइसेंस खोले जाएंगे। जिसके बाद किसानों को अपना पॉपुलर बाहर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पॉपुलर के रेट भी सरकार तय करेगी।