बेहट। तहसील बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में मंगलवार को मतदान के बाद नतीजे घोषित किए गए। घोषित परिणाम में एक बार फिर ठाकुर प्रदीप गुट का दबदबा कायम रहा। अधिवक्ता संजय चौहान अध्यक्ष व जगदीश प्रसाद महासचिव चुने गए। अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
चुनाव अधिकारी एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन लच्छी सिंह चौहान, सचिव राजेंद्र प्रसाद सैनी व अन्य सहायक चुनाव अधिकारियों की देखरेख में सुबह 11 बजे बार भवन में मतदान शुरू हुआ। अपराह्न तीन बजे तक 171 अधिवक्ताओं में से 168 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि तीन अधिवक्ताओं ने वोट नहीं डाला। मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। ठाकुर प्रदीप गुट के संजय चौहान अध्यक्ष पद पर व जगदीश प्रसाद महासचिव पद पर विजयी घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर संजय चौहान को 90 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ठाकुर संजय सिंह को 74 वोट ही मिल सके। महासचिव पद पर जगदीश प्रसाद को 86 और उनके प्रतिद्वंद्वी नोमान अली को 78 वोट मिले। चार वोट निरस्त किए गए।
विजयी प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ जश्न मनाया और अधिवक्ता प्रदीप ठाकुर व धर्मपाल सैनी को फूल मालाएं पहनाई। इसके बाद लड्डू बांटे गए और एक दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। अधिवक्ता सुनील सैनी, संजीव लवानियां, गौरव चौहान, मुकेश गौतम, बंशीलाल आदि ने नवनिर्वाचित प्रत्यशियों को बधाई दी।