शहर में निगम निगम के कर्मचारी कोरोना संक्रमित मरीजों के कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज करते हुए।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण के प्रभाव को कम करने के मकसद से नगर निगम की ओर से शनिवार को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाते हुए सैनिटाइजेशन, चूना व मेलाथियान का छिड़काव किया गया। कॉलोनियों के साथ ही सिविल कोर्ट, स्कूल और कॉलेजों को भी सैनिटाइज किया गया।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम की टीमों ने वार्ड संख्या सात, नौ, 12, 25, 60, 53, 24 व 42 में विशेष अभियान चलाया। एक ओर जहां संबंधित वार्डों में विशेष रूप से साफ सफाई की गई। वहीं कंटेनमेंट जोन में सैनिटाइजेशन भी किया गया। इसके अलावा चूना और मेलाथियान का छिड़काव किया गया। अभियान के दौरान कर्मचारियों ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के प्रति लोगों को जागरूक भी किया। कर्मचारी बैनर के साथ अभियान में शामिल हुए। मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल, चंद्रपाल व सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घरों का कूड़ा सड़कों व नालियों में ना डालने की अपील की गई। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना के प्रभाव को नियंत्रित करने के लिए अभियान तेज किया गया है। केवल कॉलोनियां ही नहीं, बल्कि सिविल कोर्ट, स्कूल और कॉलेजों को भी सैनिटाइज किया गया है। जिन स्कूलों को सैनिटाइज किया गया है। उनमें आर्य कन्या इंटर कॉलेज, एसएएम इंटर कॉलेज और जेबीएस इंटर कॉलेज शामिल हैं, जिनमें संक्रमित मिले हैं।