सहारनपुर। वेस्ट यूपी में मेरठ, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर सहित अन्य स्थलों पर पटाखों के कारण हो रहे हादसों के बाद अब आतिशबाजी बिक्री के स्थलों के लाइसेंस को लेकर जिला प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है। दीपावली पर तीन दिन तक अस्थायी रूप से पटाखों की खुली बिक्री के लिए लाइसेंस देने से पहले स्थलों पर आबादी और अन्य हालात की समीक्षा की जा रही है। इसके आधार पर ही अनुमति दी जाएगी। हालांकि अफसरों का स्पष्ट कहना है कि नए स्थलों पर पटाखों की बिक्री के लिए स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
जिले में तीन दिन पहले ही सतपुरा की पटाखा फैक्टरी में हादसा हुआ है। इसमें 10 लोग झुलस गए थे। इसी तरह अन्य जिलों में भी इस तरह के हादसे हुए हैं। इनके मद्देनजर दीपावली पर खुले में पटाखों की बिक्री को लेकर जिला प्रशासन अब और सतर्क हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि खुली बिक्री वाले स्थलों पर हादसों की संभावना कम रखने के लिए ही स्थलों की फिर से समीक्षा कराई जा रही है। इसमें खुली जगह, अग्निशमन के साधन, आसपास आबादी का क्षेत्र सहित अन्य जरूरी सर्वे कराया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की संस्तुति और जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थलों पर मुहर लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल ही के हादसों और कोरोना काल को देखते हुए नए स्थलों के लिए अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन स्थलों पर होती रही है पटाखों की खुली बिक्री
- हकीकत नगर चौक
- सर्किट हाउस के सामने का मैदान
- स्टेडियम के पास गांधी पार्क
- सब्जी मंडी स्थल के पास का मैदान
- संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय के पास का मैदान