सार
गंगोह में शोभित यूनिवर्सिटी रोड पर बुग्गी से टकराकर बाइक सवार 22 वर्षीय तरुण कश्यप की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर घायल है। चार साल पहले तरुण के बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है, जिससे परिवार में मातम पसरा है।
सहारनपुर जनपद के गंगोह में शोभित विश्वविद्यालय मार्ग पर बुधवार रात दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में तरुण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने घायल को सीएचसी गंगोह में भर्ती कराया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद बुग्गी चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि दोनों युवकों ने हादसे के समय हेलमेट नहीं पहना था।
परिवार के लोगों ने बताया कि तरुण तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी मार्च 2024 में हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। पत्नी लंबे समय से बेटी के साथ मायके में रह रही थी। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है।
तरुण की मौत ने परिवार के पुराने जख्म फिर हरे कर दिए। करीब चार साल पहले दीपावली के दिन उसके बड़े भाई लक्की की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब दशहरे के दिन छोटे बेटे तरुण की मौत से परिवार पूरी तरह सदमे में है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार बेहद गरीब है और दोनों बेटों को खोने से उनकी स्थिति और अधिक कठिन हो गई है।