सहारनपुर के एक गांव में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग से आहत होकर युवती ने आत्महत्या की है। एसएसपी ने सीओ बेहट को जांच सौंपी है।
मिर्जापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मंगलवार को इस मामले में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सन्नी गौतम ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा।
इसमें आरोप लगाया कि कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले दूसरे वर्ग के दो सगे भाई पिछले काफी समय से युवती को ब्लैकमेल कर रहे थे। अपने फार्म हाउस पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म भी किया। आरोपियों के पास युवती की अश्लील वीडियो भी है।
आरोप लगाया कि 10 नवंबर की रात दोनों सगे भाई पीड़िता को कार में जबरन बैठाकर मिर्जापुर के एक कैफे में ले गए। वहां विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे अपने फार्म हाउस पर चलने का दबाव बनाया गया।
इस दौरान युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची, लेकिन लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। युवती की मौत के बाद आरोपियों ने उसके परिजनों पर दबाव बना कर अंतिम संस्कार भी करा दिया। आरोप है कि अब आरोपी परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि यदि कार्रवाई की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ये बोले एसएसपी
मामला संज्ञान में आया है। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। उनका कहना है कि बीमारी से मौत हुई है। पूरे मामले को लेकर सीओ बेहट से जानकारी मांगी गई है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- आशीष तिवारी, एसएसपी