गागलहेड़ी स्थित गांव इटावा में गृह क्लेश के चलते सुनीता (25) पत्नी मांगेराम ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर पति उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में गृह क्लेश की बात सामने आई है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे सुनीता ने घर में गेहूं में रखने वाला सल्फास निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी, तब ससुरालियों को मामले का पता चला। इसके बाद वह सुनीता को जिला अस्पताल लेकर आए। उपचार के दौरान सुनीता की मौत हो गई। विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सुनीता की शादी करीब सात वर्ष पहले मांगेराम के साथ हुई थी। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार वर्ष का बेटा और तीन वर्ष की बेटी शामिल हैं। मां की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया है।
उधर, सीओ सदर पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया गृह क्लेश में आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यदि कुछ संदिग्ध आता है तो जांच की जाएगी। अभी तक सुनीता के मायके वालों की ओर से भी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
ये भी देखें...
यूपी: मुजफ्फरनगर में खरीदे सिम कार्डों से थाईलैंड में व्हॉट्सएप चलाकर 53.83 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार