टेंपो व क्षतिग्रस्त बाइक। विकास और राजकुमार की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
सिडकी-टपरी मार्ग पर गांव लाखनोर स्थित बिजलीघर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर से बाइक सवार नंदनपुर निवासी दूध कारोबारी विकास (36) और मड़की निवासी राजकुमार (50) की मौत हो गई। परिजनों ने विरोध में हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत कर दिया।
विकास अपने साथी राजकुमार के साथ सहारनपुर स्थित डेयरी पर दूध डालकर बाइक से गांव लौट रहा था। लाखनोर बिजलीघर के पास सामने से आ रहे एक टेंपो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर तेजी से गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद चालक टेंपो लेकर भाग गया। नाराज लोगों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया।
पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल ले जाते समय राजकुमार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, विकास की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
राजकुमार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटे, दो विवाहित और दो अविवाहित बेटियां हैं। वहीं विकास दूध का कारोबार कर अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी है। मृतक विकास के बड़े भाई राजेंद्र ने टेंपो चालक के खिलाफ अज्ञात में तहरीर दी है। सीओ देवबंद अमित सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टेंपो चालक की तलाश की जा रही है।